'परख'
'देखन को घनश्याम की मूरत,
चाहीय सूर की आंधरी आंखें..!'
आंख वालों को कभी कृष्ण दिखे नही, और जिनकी आंखें ही नही थी, ऐसे सूरदास के साथ श्याम स्वयं खेला करते थे..!
कभी सोचा है किसी ने कि, छः अरब से ज्यादा जनसंख्या के इस संसार में रहकर संसार को ही परखने वाले वर्तमान में कितने बुद्ध पुरुष हुए, या अब तक के इतिहास में कितने महात्माओं ने संसार को परखा..?
जबकि सब यहीं जी रहे हैं यहीं खा पी रहे, क्षणिक सुख और अथाह दुःख झेल रहे हैं, किंतु सत्य यही है कि पारखी कुछ गिने चुने ही हुए अब तक..!
क्योंकि परख के लिए जो कसौटी होती है न वो हममें से अधिकतर के पास नही होती,
तभी तो बाप बेटे को नही परख पाता, बेटा बाप को नही समझ पाता, पति पत्नि को और पत्नि पति को नही परख पाती,
वस्तुतः जब हम किसी को परखने जाते हैं तो हम ही कसौटी होते हैं वहां, हमारा ही संचित ज्ञान, बुद्धि, अनुभव और होशियारी ही हमारे परख का आधार होती है, और क्या हो जब हमें ऐसे किसी की परख करनी हो जो हमारी बुद्धि की सीमा से बाहर हो, जो ऐसा हो जिसका निष्कर्ष ही हमारी सोच से जुदा हो, या उस समय हमारी मानसिकता सही न हो, क्या सही परिणाम निकल पाएगा..?
गोया कि एक हाथ के अंगूठे के निशान दूसरे हाथ के अंगूठे के निशान से कहे कि यार तुम तो मेरे हिसाब से सही नही लगते..?
क्या राम ने सीता की परीक्षा ली, और यदि ली तो फिर त्यागा क्यों..?
क्या उद्धव ने गोपियों की परीक्षा ली, और लिया तो फिर उद्धव बचे कहां..?
सुदामा ने सुशीला के कहने पर कृष्ण की परीक्षा लेने का सोचा तो सही किंतु जो स्वयं उनके कांख में दबाए अन्न छीनकर खा ले उसकी कैसी परीक्षा..?
बिल्व मंगल ने सांसारिक परीक्षा को स्किप करने के लिए आंखें ही फोड़ ली अपनी,
एकलव्य की परीक्षा ने उसका अंगूठा ही ले लिया, भूखे पेट सोने वाले द्रोण के पुत्र ने पिता के आचार्यत्व की परीक्षा ले ली, और एक युगीन आचार्य को राजकुमारों की सेवा में उपस्थित होना पड़ा,
भीष्म की प्रतिज्ञा के रक्षणार्थ किए प्रण ने राजसभा में द्रौपदी के वस्त्रों तक की रक्षा नही करने दी उनको,
कृष्ण की परीक्षा उन्ही भीष्म ने ले ली और भरे समर में उन्हें शस्त्र उठाने को विवश कर दिया,
कर्ण की परीक्षा उसके मृत्यु का कारण बन गई,
आह..! कितने उदाहरण..!
कितने उदाहरण उन परिस्थितियों के जहां या तो परीक्षा देने वाला थोथा निकला या फिर लेने वाला,
लोग कहते हैं सोने की अग्निपरीक्षा उसे कुंदन बना देती है, किंतु क्षमा कीजिएगा क्या आप जानते हैं कुंदन बनने की इस प्रक्रिया में उस सोने का एक एक अणु जल जाता है, गल जाता है, उसका एक एक अंग उस जलन को भीतर तक बर्दाश्त करता है,
और एक बात उस सोने के वजन का एक शुद्ध हिस्सा जलकर राख भी हो जाता है जलाने के कारण, मानो जलते हुए सोने के भीतर के आंसू पिघलकर फैल जाते हों प्रज्ज्वलित अग्नि के दायरे में, जिन्हें देखने वाला कोई नही, क्या राख हुए उन स्वर्ण कणों को कोई समेटता है, उनका कोई मूल्य बनता है..? क्या परिक्षोपरांत उतना ही सोना वापस मिल पाता है, जितना पहले था..?
क्षमा इसलिए भी मांग लेना चाहिए मुझे उन लोगो से जो किसी को दूसरों के दृष्टिकोण के आधार पर अच्छा या बुरा मानने वाले हैं, क्योंकि यदि ऐसा है तो वे उनके लिए जीवन भर कभी अच्छा और कभी बुरा सिद्ध होते रहेंगे..! जब आपके पास खुद की कोई कसौटी नही तो दूसरों के दृष्टिकोण के तराजू आपके कब तक काम आएंगे..?
पता है हम शुद्धता के इतने आग्रही क्यों हैं..? क्योंकि परखा कोई दूसरा जाएगा ये हम जानते हैं, दर्द कोई दूसरा सहेगा ये हम जानते हैं, बर्दाश्त कोई दूसरा करेगा ये हम जानते हैं,
किसी को परखे जाने की पीड़ा यदि हम जान सकें तो उसे व्यक्ति, समाज, या किसी अन्य कसौटी पर कसा जाना शायद हम स्वीकार ना कर सकें, और परखकर किसी को स्वीकार किया तो क्या किया... व्यापार..?
इसमें प्रेम कहां, विश्वास कहां, वो मानवीय भाव कहां जो तमाम कमियों के बावजूद कहे कि, वो जैसा भी है बस मेरा है..!
और कौन इतना निरपेक्ष है इस अनित्य संसार में जिसके ऊपर स्वयं को सिद्ध करने की जिम्मेदारी कभी न कभी आई ना हो..?
आज किसी को परखने वाले क्या इस बात की गारंटी दे सकेंगे कि, कभी उनको परीक्षा नही देनी पड़ेगी..?
क्या बदनामी,असफलता, विफलता कभी भी अकारण नही आती..? क्या ये स्वर्णिम नियम है कि धुंआ उठा है तो आग लगी ही होगी..?
क्या 'लाभ हानि जीवन मरण जस अपजस विधि हाथ' यह उक्ति इतना ही सतही अर्थ लिए हुए है,
एक और बात एक ही व्यक्ति किसी समूह में अच्छा या किसी समूह में बुरा गिना जाता है, क्या हर बार कसौटी के पत्थर बदल रहे हैं या हर बार केवल मानसिकता बदल रही है,
संतों ने किसी को परखने का केवल एक ही पैमाना दिया है वह है अपनी आत्मा.! बुद्ध ने भी 'अप्प दीपो भव' का उद्घोष किया है, कबीर ने भी अपने मन में खोजने की बात कही है, अपनी आत्मा के आलोक में देखा गया सत्य कभी झूठ नही हो सकता, और इसका उल्टा भी उतना ही सत्य है कि, संसार का दिखाया सत्य कभी भी झूठ हो सकता है..!
यक्ष प्रश्न तो यह है न कि, किसी को परखकर अपने अहम की संतुष्टि तो की जा सकती है, लेकिन जो परखा गया और जिसके भीतर का स्वर्ण जला उसके विगलित अहम की पूर्ति कौन करेगा..? उसे दिलासा दे पाना क्या सम्भव होगा..?
बकौल बशीर बद्र साहब --
'परखना मत परखने में कोई अपना नही रहता,
किसी भी आइने में देर तक चेहरा नही रहता!'
© दिनेश धीवर 'नयन'
(यहां कथानक कथ्य को प्रवाह देने के उद्देश्य से लिया गया है, ज्ञानी जन कृपया रायता न फैलाएं)
No comments:
Post a Comment